Monday, November 1, 2010

अरुंधति रॉय ने किया तिरंगे का अपमान!

http://www.bhaskar.com/article/NAT-did-geelani-tear-the-tricolour-1499946.html
नई दिल्‍ली. कश्‍मीर पर विवादास्‍पद बयान देकर घिर चुकीं लेखिका अरुंधति रॉय और हुर्रियत नेता सैयद अली शाह गिलानी के खिलाफ तिरंगे का अपमान करने की शिकायत की गई है।

गत शुक्रवार को यहां ‘कश्‍मीर की आजादी’ विषय पर आयोजित एक सेमिनार में शिरकत करने वाले अरुंधति, गिलानी और कार्यक्रम के आयोजक एसएआर गिलानी पर राष्‍ट्रविरोधी ताकतों को राष्‍ट्रध्‍वज फाड़ने के लिए उकसाने का आरोप है।

एक सामाजिक कार्यकर्ता ने इसकी शिकायत राजधानी के तिलक मार्ग थाना में की है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इन तीनों ने सेमिनार में मौजूद भीड़ को तिरंगा फाड़ने के लिए उकसाया।

यूथ यूनाइटेड फॉर वाइब्रेंट एक्‍शन (युवा) नामक संगठन के संस्‍थापक बिनय सिंह ने कहा, 'हुर्रियत नेता गिलानी और अरुंधति के भाषण की वजह से सेमिनार में मौजूद कुछ राष्‍ट्रविरोधी लोगों ने तिरंगा फाड़ा। यह हमारे राष्‍ट्रीय ध्‍वज का अपमान है।'

उन्‍होंने कहा, ' गिलानी एक ओर जहां अलगाववादी एजेंडा फैला रहे हैं वहीं अरुंधति भारत की जनता के बीच दहशत का माहौल पैदा कर रही हैं। सरकार को इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।'

इस शिकायत के बाद पुलिस अधिकारी भी एफआईआर दर्ज करने को लेकर उहापोह में हैं। हालांकि पुलिस के आला अधिकारी इस मामले पर चुप्‍पी साधे हुए हैं। लेकिन अरुंधति ने दिल्‍ली के बाद कश्‍मीर जाकर भी भारत विरोधी बयान दिया।

No comments:

Post a Comment